बसना: रथ यात्रा देखने गए युवक पर हमला, पत्थर मारकर किया घायल; दो युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज

देशराज दास बसना। रथ यात्रा के दौरान ग्राम तोषगांव में एक युवक पर पत्थर से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सोनू राम महिलाने ने बसना थाना में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार ग्राम बिछिया निवासी, जो राजमिस्त्री का कार्य करते हैं, 16 जुलाई 2026 को अपने पुत्र छबिलाल महिलाने के साथ ससुराल ग्राम तोषगांव रथ यात्रा देखने गए थे। रथ यात्रा देखने के बाद दोनों शाम करीब 7 बजे नाला की ओर घूमने गए थे।
आरोप है कि इसी दौरान ग्राम तोषगांव निवासी साहिल बरिहा एवं अमन प्रधान वहां पहुंचे और कथित रूप से मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा रुपये-पैसे की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने वहां पड़े पत्थर से छबिलाल महिलाने के सिर के पीछे वार कर दिया, जिससे उनके सिर में चोट आई और खून निकलने लगा।
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना के दौरान ग्राम तोषगांव निवासी मुक्तिदास ने बीच-बचाव किया। पीड़ित ने बसना थाना में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।