बसना

बसना पुलिस की कार्रवाई: 4.220 किलो गांजा, बाइक और मोबाइल सहित 2.60 लाख की संपत्ति जब्त

देशराज दास बसना। महासमुंद जिले की बसना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए पलसापाली बैरियर पर वाहन चेकिंग के दौरान 4.220 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में ओडिशा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल सहित कुल 2 लाख 60 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 की रात पलसापाली बैरियर पर नियमित वाहन चेकिंग के दौरान उड़ीसा के पदमपुर की ओर से आ रही हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल (OD 03 Z 5791) को रोककर जांच की गई। बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर घबरा गए। पूछताछ करने पर पीछे बैठे युवक ने अपने बैग में गांजा होने की बात स्वीकार की।

एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत दोनों आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक काले रंग के पिट्ठू बैग में रखे दो पैकेटों से 4.220 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये आंकी गई।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान भेला सागर भोई (50 वर्ष) एवं अक्षय दास (36 वर्ष), निवासी डूमेरपदर, थाना पाटनागढ़, जिला बलांगीर (ओडिशा) के रूप में बताई। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे यह गांजा ओडिशा से छत्तीसगढ़ के बरपेलाडीह गांव में रहने वाले हृषिकेश वैष्णव एवं प्रेमदास मानिकपुरी के लिए लेकर जा रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद गांजा के अलावा घटना में प्रयुक्त हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल, एक रियलमी टच स्क्रीन मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल तथा अन्य दस्तावेज जब्त किए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 2,60,500 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(ii)(ख) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है।

Back to top button