बसना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बोलेरो से 50.200 किलो गांजा बरामद, बिलासपुर का तस्कर गिरफ्तार

देशराज दास बसना। महासमुंद जिले की बसना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से 50.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में बिलासपुर निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा, बोलेरो वाहन और मोबाइल सहित कुल 28 लाख 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के पदमपुर की ओर से एक सफेद रंग की बोलेरो (क्रमांक CG 10 AB 6529) में अवैध गांजा लेकर बसना की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने पलसापाली बैरियर, पदमपुर रोड पर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध बोलेरो को रोककर चालक से पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना नाम धनीराम साहू (31 वर्ष), निवासी लोहरसी (सोन), थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर बताया। प्रारंभिक पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर वाहन में गांजा होने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत विधिवत तलाशी ली। वाहन के पीछे रखी दो प्लास्टिक बोरियों से कुल 50.200 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। दोनों बोरियों में 25.100-25.100 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था, जिसकी अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये आंकी गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर एक व्यक्ति “नायक भैया” तक पहुंचाने जा रहा था। उसने यह भी बताया कि शिवरीनारायण मेले के दौरान उसकी मुलाकात नायक भैया से हुई थी, जिसने गांजा परिवहन की योजना बनाई थी। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा के अलावा घटना में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो, एक नोकिया कीपैड मोबाइल तथा अन्य दस्तावेज जब्त किए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 28,00,500 रुपये बताई गई है।
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की विवेचना करते हुए गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लायर और रिसीवर की तलाश में जुटी हुई है।