बसना

बसना से 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी लापता, अपहरण की आशंका पर मामला दर्ज

बसना। बसना थाना क्षेत्र के एक  ग्राम  से 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पहले गुमशुदगी दर्ज की और बाद में अपहरण की आशंका के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, बसना ब्लॉक के एक निवासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 जुलाई की रात वह और उनकी पत्नी खाना खाकर सो गए थे। देर रात करीब 12 बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो देखा कि उनकी नाबालिग बेटी किशोरी (उम्र 16 वर्ष 6 माह 27 दिन) अपने बिस्तर पर नहीं थी। इसके बाद दोनों ने आसपास और मोहल्ले में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका।

परिजनों की सूचना पर थाना बसना में गुम इंसान क्रमांक 87/2026 दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की गई। चूंकि लापता युवती नाबालिग है, इसलिए सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार पुलिस ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका को देखते हुए धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, लापता किशोरी की लंबाई लगभग 5 फीट 4 इंच, चेहरा गोल, रंग गोरा, शरीर सामान्य तथा बाल काले हैं। घटना के समय उसने गुलाबी रंग की कुर्ती और काले रंग की लेगिंग पहन रखी थी। उसके कान में सोने के टॉप्स तथा नाक में सोने की फुल्ली थी। वह हिंदी, छत्तीसगढ़ी और ओड़िया भाषा बोल सकती है।

बसना पुलिस ने किशोरी की तलाश के लिए आसपास के थाना-चौकियों एवं जिला साइबर शाखा (डीसीबी) महासमुंद को सूचना भेज दी है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किशोरी के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना या बसना पुलिस से संपर्क करें।

Back to top button