बसना: भाजपा के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी पर युवा मोर्चा का विरोध, सुरेंद्र दुबे के खिलाफ कार्रवाई की मांग

देशराज दास बसना। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भाजपा के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताते हुए बसना थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सुरेंद्र दुबे के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।
युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणी से पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
इस दौरान बसना थाना परिसर में बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ज्ञापन सौंपने वालों में वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, भाजयुमो जिला महामंत्री कामेश बंजारा, भाजपा महामंत्री दीपक शर्मा, सरोज पटेल, बसना युवा मोर्चा अध्यक्ष आकाश सिन्हा, सांकरा मंडल अध्यक्ष विजय चौधरी, पिरदा मंडल अध्यक्ष दिनेश कश्यप, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष दीपा साहू, परदेशी पटेल, नवीन भट्ट, निर्मल दास, दिगम्बर पटेल, अनुज प्रधान, उमेश बंजारा, संगीता नायक, संजय अग्रवाल, दुर्गेश नायक, संतोष यादव, शुभम नायक सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पुलिस ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले में नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।