बसना : डॉ.चरण महंत से मिला मानिकपुरी पनका समाज बसना, वर्षों पुरानी मांग को फिर दी आवाज

देशराज दास बसना: छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के एक दिवसीय महासमुंद प्रवास के दौरान बसना नगर के सरायपाली बायपास पर मानिकपुरी पनका समाज ने अपनी वर्षों पुरानी मांग को प्रमुखता से उठाया। महासमुंद जिलाध्यक्ष सेवकदास दिवान के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित समाजजनों ने डॉ. महंत का फूलमाला एवं पारंपरिक गमछा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। स्वागत के साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने पनका समाज को अनुसूचित जनजाति वर्ग में शामिल किए जाने की लंबे समय से लंबित मांग को मजबूती से उनके समक्ष रखा।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पनका समाज लंबे समय से अनुसूचित जनजाति में शामिल किए जाने की मांग करता आ रहा है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका है। समाज का मानना है कि इस मांग के पूरा होने से हजारों परिवारों को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे।समाजजनों ने नेता प्रतिपक्ष से इस विषय को विधानसभा एवं शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने का आग्रह किया। डॉ. चरणदास महंत ने समाज के प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना और उनकी मांग को न्यायोचित बताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि समाजहित और जनहित से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने समाज से शिक्षा, संगठन और सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया तथा क्षेत्र के विकास एवं जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर समाजजनों से विस्तार से चर्चा की। महासमुंद जिलाध्यक्ष सेवकदास दिवान ने कहा कि समाज अपने संवैधानिक अधिकारों और विकास से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से लगातार उठाता रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज की वर्षों पुरानी मांग को राजनीतिक स्तर पर उचित समर्थन मिलेगा।
इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष गजानंद दास, सभापति शौकीदास, उपाध्यक्ष टीकमदास, उपाध्यक्ष गोरेलाल, सचिव विजय दास, जगदीश दास, गुणसागर, संजय दास, प्रकाश दास, घसिया दास, डिगंबर दास, धर्मेंद्र, बलराम, महादेव, संतकुमार, देवालदास, संतोष, सहनीदास, वृंदादास, प्रेमदास, कुममतदास, मेमलाल, गुरविंद, मनोहर, दयादास, नोहर दास, कयादास, भगतराम, दरशराम, शिवरतन, राजुदास, गौरीशंकर सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इसकी जानकारी मीडिया प्रभारी देशराज दास ने दी।