बसना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक ही दिन में 6 स्थानों पर कार्रवाई, 140 लीटर महुआ शराब जब्त, 6 आरोपी गिरफ्तार

देशराज दास बसना। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए बसना पुलिस ने शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए छह प्रकरण दर्ज किए। कार्रवाई के दौरान कुल 140 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 28 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहले प्रकरण में ग्राम खुसरूपाली तालाब के पास से रविलाल बारिक (47 वर्ष) के कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। दूसरे प्रकरण में खुसरूपाली रोड से खगेश्वर रात्रे (40 वर्ष) के पास से 15 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
तीसरी कार्रवाई पुलिस चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम पितईपाली में की गई, जहां श्रीमती कलावती ओगरे (30 वर्ष) के घर बाड़ी से 15 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
चौथे प्रकरण में ग्राम बानीपाली के बरबसपुर मार्ग स्थित खेत राचड़ के पास से नीलमणी मुखर्जी (32 वर्ष) के कब्जे से 30 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। वहीं पांचवें प्रकरण में खुसरूपाली मोड़ के पास संतोष कुमार बारिक (30 वर्ष) के पास से 30 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
इसी अभियान के तहत छठे प्रकरण में बानीपाली-बरबसपुर मार्ग पर नीम पेड़ के नीचे से दुर्योधन मुखर्जी (32 वर्ष) के कब्जे से 30 लीटर महुआ शराब बरामद कर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार किया।
सभी मामलों में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग टीमों के साथ दबिश देकर कार्रवाई की। जब्त शराब को मौके पर सीलबंद कर विधिवत जप्ती की गई। आरोपियों से शराब रखने एवं बिक्री करने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सभी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
बसना थाना प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।