सरायपाली

शिक्षकों की मांग को लेकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जम्हारी में तालाबंदी, पालकों व विद्यार्थियों ने किया धरना प्रदर्शन

देशराज दास  सरायपाली/जम्हारी: महासमुंद जिले के सरायपाली विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जम्हारी में शुक्रवार को शिक्षकों की कमी को लेकर पालकों एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए विद्यालय में रिक्त शिक्षकों के पदों को शीघ्र भरने की मांग की।

ज्ञापन के अनुसार, प्रतिदिन की तरह शुक्रवार सुबह विद्यार्थी विद्यालय पहुंचे, लेकिन शिक्षकों की कमी से नाराज पालकों एवं छात्रों ने मुख्य द्वार पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई विषयों की नियमित पढ़ाई नहीं हो पा रही है, जिससे विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

मुख्य मांग: विद्यालय में रिक्त शिक्षकों के पदों पर तत्काल नियुक्ति कर विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई सुनिश्चित की जाए।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि यदि विद्यालय में शीघ्र शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जा सकता है। प्रदर्शन के दौरान पालकों ने प्रशासन से मांग की कि विद्यार्थियों के हित को देखते हुए तत्काल आवश्यक विषयों के शिक्षकों की पदस्थापना की जाए।

इस दौरान विद्यालय प्रबंधन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों तक मांग पहुंचाने का आश्वासन दिया गया। ज्ञापन पर विद्यालय के पालकों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं।

 

Back to top button