सरायपाली/महासमुंद: 50 रुपये की उधारी को लेकर कोटवार से मारपीट, तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

सरायपाली/महासमुंद। सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम बैदपाली में 50 रुपये की कथित मछली उधारी को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। ग्राम के कोटवार की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम बैदपाली निवासी एवं गांव के कोटवार नरेश दीप ने बताया कि 3 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे गांव के बबलू बाघ, किशोर बाघ और सुमीत उसके घर पहुंचे। तीनों ने महिपाल दीप से 50 रुपये की उधारी में ली गई मछली के पैसे उन्हें देने की बात कही।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने कहा कि उसने जिस व्यक्ति से मछली उधार ली है, उसी को पैसे देगा। इसी बात से नाराज होकर तीनों लोगो ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी तथा धक्का-मुक्की और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
एफआईआर में उल्लेख है कि घटना के दौरान शिकायतकर्ता की बहू पद्मिनी दीप बीच-बचाव करने पहुंची, जिसके साथ भी तीनों लोगो ने धक्का-मुक्की की। घटना को गांव के लोकेश और प्रदीप दीप ने देखा तथा बीच-बचाव किया।
पीड़ित की शिकायत पर सरायपाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।