बसना: खेतों में चोरों का आतंक : रातों-रात उखाड़ ले जा रहे बोर मोटर, किसान दहशत में
गधाभाठा गांव में समर्सिबल पंप, केबल और पाइप चोरी की घटनाओं से किसानों में भय का माहौल

देशराज दास बसना। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गधाभाठा में इन दिनों खेतों में चोरी की घटनाओं ने किसानों की नींद उड़ा दी है। रात के 12 बजते ही सक्रिय हो रहे चोरों के गिरोह द्वारा खेतों में लगे ट्यूबवेल और बोरवेल को निशाना बनाया जा रहा है। चोर बोरवेल के पाइप को पाताल से खींचकर तोड़फोड़ कर रहे हैं तथा समर्सिबल पंप, कॉपर केबल और मोटर चोरी कर फरार हो जा रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से गांव के किसानों में भारी दहशत व्याप्त है।

ग्राम गधाभाठा निवासी लघु कृषक नित्यानंद प्रधान ने बहते आंसुओं के साथ मीडिया को बताया कि धान फसल कटाई के बाद वे धनिया खेती की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच देर रात अज्ञात चोरों ने उनके खेत में लगे बोरवेल को पाताल से खींचकर उसमें लगे सभी 13 पाइप तोड़ दिए और समर्सिबल मोटर सहित कॉपर केबल चोरी कर ले गए। किसान ने बताया कि इस घटना से उनका हजारों रुपए का नुकसान हुआ है और अब वे धनिया की खेती लगाने से भी वंचित हो गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही गधाभाठा सरपंच पंच कोटवार सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मुआयना किया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि गांव में किसी संगठित चोर गिरोह की सक्रियता है, जो लगातार किसानों के खेतों को निशाना बना रहा है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल बन गया है। किसानों को डर सता रहा है कि अगली रात किसके खेत का बोर मोटर चोरी हो जाएगा। इसी डर के चलते अब अधिकांश किसान अपने खेतों से बोर मोटर निकालकर घरों में सुरक्षित रखने लगे हैं। गांव और आसपास के खेतों में जहां नजर डालो, किसान मोटर निकालकर घर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।

गधाभाठा के सीमांत किसान रूपानंद साव ने बताया कि उनके पांच ट्यूबवेल हैं। चोरी की घटनाओं से डरे होने के कारण उन्होंने भी सभी बोरवेल के मोटर निकालकर घर में रख दिए हैं।
वहीं क्षेत्र के लाइनमैन सहयोगी मनोज प्रधान ने जानकारी देते हुए कहा कि वे स्वयं भी अपने खेत से समर्सिबल पंप निकालकर घर ले आए हैं। उन्होंने कहा कि क्या पता आज रात चोर मेरे खेत से भी मोटर चोरी कर ले जाएं उन्होंने यह भी बताया कि गधाभाठा में बोर चोरी की घटनाओं की सूचना लगातार बिजली कंट्रोल रूम तक पहुंच रही है।
समाचार लिखे जाने तक 28 मई को भी गांव के कई किसान अपने-अपने खेतों से बोर मोटर निकालते नजर आए। लगातार बढ़ रही इन घटनाओं से किसानों में आक्रोश के साथ-साथ भय का माहौल बना हुआ है। गांव में ऐसे बड़े-बड़े घटना होने के बाद भी गांव वाले ने अब तक पुलिस को सूचना नहीं दी है.