बसना

बसना: धान खरीदी में गड़बड़ी: किसानों को नहीं मिल रहा उचित दाम, आंदोलन की चेतावनी

किसानों को मिले अपनी उपज का उचित दाम – महेंद्र साव

देशराज दास बसना। कृषि उपज मंडी बसना में धान खरीदी शुरू होते ही व्यापारियों की मनमानी सामने आने लगी है, जिससे किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। इस स्थिति पर चिंता जताते हुए अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय किसान परिषद के प्रांत महामंत्री महेंद्र साव ने प्रशासन पर भी सवाल खड़े किए हैं।

उन्होंने कहा कि लगभग 15 वर्षों बाद मंडी में धान खरीदी शुरू होने से किसानों में सुधार की उम्मीद जगी थी, लेकिन अब यह उम्मीद धीरे-धीरे धूमिल होती नजर आ रही है। स्थानीय व्यापारी किसानों से सीधे लगभग 1700 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास धान खरीद रहे हैं, वहीं नमी के नाम पर प्रति बोरी 5 से 7 किलो तक कटौती की जा रही है, जो किसानों के साथ अन्याय है।

महेंद्र साव का आरोप है कि इस पूरे मामले में प्रशासनिक अधिकारियों की निष्क्रियता भी एक बड़ा कारण है, जिसका फायदा कुछ व्यापारी उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की दुर्दशा पर जनप्रतिनिधि भी मौन हैं, जबकि सरकार खुद को किसानों की हितैषी बताती है।

उन्होंने प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर किसानों को उचित मूल्य दिलाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो राष्ट्रीय किसान परिषद द्वारा बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

Back to top button