राज्यस्तरीय ब्रेनिश अबेकस प्रतियोगिता में सरायपाली सेंटर का शानदार प्रदर्शन, छात्रों ने जीते कई खिताब

सरायपाली। रायपुर के महेश्वरी भवन कमल विहार में आयोजित ब्रेनिश अबेकस की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में सरायपाली सेंटर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न सेंटरों से हजारों बच्चों ने हिस्सा लिया, जहां सरायपाली सेंटर के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में ऑनलाइन छात्र तुराग पटेल ने विजुअल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं ऑफलाइन छात्र आयुष्मान सतपथी ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजुअल प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया तथा लिसनिंग प्रतियोगिता में चैंपियन बनकर सेंटर को गौरवान्वित किया।
इसके अलावा सरायपाली सेंटर के अन्य प्रतिभागी छात्रों ने भी ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रतियोगिताओं में क्रमशः तृतीय, चतुर्थ और पांचवें स्थान पर अपनी जगह बनाकर अपनी मेहनत और प्रतिभा का परिचय दिया।
छात्रों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों में खुशी का माहौल है। ब्रेनिश अबेकस सरायपाली सेंटर की संचालिका श्रीमती गायत्री चौधरी ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और सही मार्गदर्शन का यह परिणाम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी बच्चों को बेहतर मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। छात्रों की इस सफलता से पूरे सरायपाली क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और लोगों ने विजेता बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।