पटेवा। पुलिस टीम पर जानलेवा हमला: फरार आरोपियों को पकड़ने गई टीम पर ग्रामीणों ने किया पथराव, कई जवान घायल

पटेवा। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचरी में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस हमले में थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार – थाना सांकरा के थाना प्रभारी निरीक्षक उत्तम तिवारी अपने स्टाफ एवं अन्य थानों से आए पुलिस बल के साथ थाना पटेवा के अपराध क्रमांक 37/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के फरार आरोपी विजय मारकण्डेय एवं विनोद मारकण्डेय की गिरफ्तारी हेतु ग्राम पचरी पहुंचे थे।
पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया, लेकिन गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौच और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उन्होंने अपने परिजनों और आसपास के लोगों को उकसाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर पुलिस टीम पर लाठी-डंडों, लोहे की छड़ों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
इस हमले में थाना प्रभारी उत्तम तिवारी को सिर, गले और सीने में गंभीर चोटें आईं, वहीं कई अन्य पुलिसकर्मी, जिनमें महिला आरक्षक भी शामिल हैं, जो घायल हुए हैं।
हमलावरों में आरोपियों के परिजन – हेमा, छगन, गुलशन, लीलाबाई, गजेन्द्र, ज्योति, लक्की मारकण्डेय सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। घटना के दौरान पुलिस वाहनों पर भी पथराव किया गया, जिससे एक हाईवे पेट्रोलिंग वाहन का कांच टूट गया तथा अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस टीम ने किसी तरह आरोपियों को वाहन में बैठाकर मौके से निकलने में सफलता पाई। इस दौरान आरोपियों की बहन हेमा द्वारा वाहन रोकने का प्रयास भी किया गया, जो स्वयं भी पत्थर लगने से घायल हो गई।
घटना के बाद पुलिस टीम थाना पटेवा पहुंची और सभी आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, जानलेवा हमला, मारपीट, शासकीय संपत्ति को नुकसान एवं आरोपियों को भगाने के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया है।