महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 करोड़ से अधिक की गांजा खेप जब्त, 5 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

सिंघोड़ा । जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपये कीमत का 281.900 किलोग्राम (2 क्विंटल 81.900 किलो) गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में महाराष्ट्र के 5 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार- एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स को अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश प्राप्त थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक फॉर्च्यूनर कार (MH 12 WC 0090) और एक स्कॉर्पियो कार (MH 12 YH 0090) में अवैध गांजा लेकर तस्कर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध दोनों वाहन वहां पहुंचे। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर जांच की, जिसमें फॉर्च्यूनर में तीन और स्कॉर्पियो में दो लोग सवार थे। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम क्रमशः प्रशांत शंकर गोले, क्षितिज वीरसेन जाधव, अक्षय नंदकुमार निगम, अभिषेक डेविड जगले और महेश काटकर बताए, जो सभी महाराष्ट्र राज्य के निवासी हैं।
वाहनों की तलाशी लेने पर फॉर्च्यूनर की पिछली सीट और स्कॉर्पियो के बीच व पीछे रखी बोरियों में अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे उक्त गांजा जिला फुलवानी (ओडिशा) से पुणे (महाराष्ट्र) ले जाकर खपाने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 281.900 किलोग्राम गांजा (कीमत 1,40,95,000 रुपये), फॉर्च्यूनर कार (कीमत 40,00,000 रुपये), स्कॉर्पियो कार (कीमत 25,00,000 रुपये) तथा 4 मोबाइल फोन (कीमत 50,000 रुपये) जब्त किए। इस प्रकार कुल 2,06,45,000 रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।
इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(बी) एवं 29(1) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। एवं सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।