प्राचार्य जगदीश जगत को विद्यालय परिवार द्वारा दी गई भावभीनी विदाई, जन्मोत्सव के साथ सम्मान समारोह आयोजित

बसना। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, संकुल केंद्र बाराडोली में पदस्थ प्राचार्य जगदीश जगत के अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिवार द्वारा उनके जन्मोत्सव के साथ भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके लगभग 17 वर्षों के गौरवपूर्ण कार्यकाल को याद करते हुए विद्यालय परिवार ने उन्हें ससम्मान विदाई दी।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। समारोह में सेवानिवृत्त हो रहे प्राचार्य जगदीश जगत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान पाठक नरसिंह खूंटे ने की, जबकि प्रभारी प्रधान पाठक कामिनी साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहीं।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने प्राचार्य जगदीश जगत के व्यक्तित्व एवं उनके उल्लेखनीय कार्यों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। व्याख्याता नरेश खटकर, समीर साहू, शिक्षक मानस रंजन पुरोहित, नरेश प्रधान, प्रसन्न प्रधान तथा रूपेश बिसी ने उनके कार्यकाल की उपलब्धियों और विद्यालय के विकास में दिए गए योगदान को स्मरण किया।
व्याख्याता सरस्वती मिश्रा ने कहा कि जगदीश जगत का सरल व्यवहार, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। वहीं व्याख्याता अनिता कौशिक ने कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों में भी शांत रहकर हालात को अनुकूल बनाने की कला उन्होंने जगदीश जगत से ही सीखी है।
व्याख्याता रामजी साव, शिक्षक गौकरण सोनी एवं वरुण सिदार ने उनके मिलनसार स्वभाव, समाज सेवा और विद्यालय के प्रति समर्पण को याद किया। शिक्षक राजेन्द्र जगत ने कहा कि उनके कार्यकाल में विद्यालय में पारिवारिक वातावरण बना रहा, जिससे बच्चों को बेहतर शिक्षा और शिक्षकों को सहज माहौल में कार्य करने का अवसर मिला।
इसी तरह हेमेंद्र मलिक और चक्रधर भोई ने कहा कि जगदीश जगत ने अपने सेवाकाल में केवल पढ़ाई तक ही सीमित न रहकर छात्रों में संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया।
संकुल समन्वयक खीरसागर खूँटे ने कहा कि अपने अनुभव और मार्गदर्शन से जगदीश जगत आगे भी समाज को नई दिशा और दशा प्रदान करते रहेंगे।
कार्यक्रम का संचालन ललित मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि जगदीश जगत के मूल्यवान विचार और मार्गदर्शन हमेशा विद्यालय परिवार को प्रेरणा देते रहेंगे।
इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाराडोली के शिक्षकों ने शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की कार्यकर्ता हेमवती एवं नंदिनी का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में जानकी जीवन प्रधान ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब भी विद्यालय परिवार को उनके मार्गदर्शन की आवश्यकता होगी, वे निश्चित रूप से समय प्रदान करेंगे। विद्यालय परिवार ने उनके सुखद, स्वस्थ और मंगलमय जीवन की कामना की।