बसना

एक्साइज ड्यूटी घटाने का दावा, लेकिन पेट्रोल-डीजल में राहत नहीं — मोक्ष कुमार प्रधान

बसना। भारत सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती किए जाने के बावजूद आम उपभोक्ताओं को अपेक्षित राहत नहीं मिल रही है। पेट्रोल पंपों में कीमतों में कोई खास कमी देखने को नहीं मिल रही, जिससे आम जनता, किसान और मध्यम वर्ग में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

इसी मुद्दे को लेकर जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता मोक्ष कुमार प्रधान ने केंद्र सरकार की नीतियों पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी घटाने की घोषणा केवल दिखावा साबित हो रही है, क्योंकि जमीनी स्तर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई प्रभावी कमी नहीं आई है।

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि “सरकार जनता को गुमराह कर रही है। एक तरफ एक्साइज ड्यूटी घटाने की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर अन्य टैक्स और व्यवस्थाओं के जरिए आम लोगों की जेब पर बोझ लगातार बढ़ाया जा रहा है। इसका सीधा असर महंगाई पर पड़ रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वास्तविक कमी नहीं होने से परिवहन लागत बढ़ रही है, जिसका असर रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम पर साफ देखा जा सकता है। किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी इस स्थिति से बेहद परेशान हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मांग की है कि पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाया जाए, ताकि आम जनता को वास्तविक राहत मिल सके।

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि सरकार के ऐसे फैसले केवल पेट्रोल पंपों के पास बड़े-बड़े फ्लैक्स लगाने तक सीमित रह जाते हैं, जबकि आम जनता को इससे कोई वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा है।

Back to top button