बसना पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 6 घंटे में सुलझा अंधा कत्ल, प्रेमी निकला हत्यारा
इंद्रपुर में युवती की हत्या का राज खुला, गर्भवती होने पर प्रेमी ने रची थी साजिश

देशराज दास बसना। महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इंद्रपुर में हुई एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। युवती की हत्या उसके ही प्रेमी ने शादी के वादे से मुकरने और बदनामी के डर से की थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 मार्च 2026 की सुबह ग्राम इंद्रपुर निवासी रामदास अजगल्ले ने थाना बसना में सूचना दी कि उसकी 21 वर्षीय पुत्री पुष्पा अजगल्ले, जो जन्म से मूकबधिर थी, का शव घर से लगभग 150 मीटर दूर रविलाल नाग के खेत में लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ है। मृतिका के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल पर वैज्ञानिक अधिकारी (एफएसएल) और डॉग स्क्वाड की टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मृतिका के पिता से महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि गांव के ही लोकनाथ पटेल (27 वर्ष), पिता कीर्तन लाल पटेल, ने शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाए थे। पूछताछ और जांच में यह भी सामने आया कि युवती गर्भवती थी और वह आरोपी पर शादी के लिए दबाव बना रही थी।
इसी आधार पर पुलिस ने संदेही लोकनाथ पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि युवती के गर्भवती होने के बाद वह लगातार उस पर शादी का दबाव बना रही थी। समाज में बदनामी के डर से उसने युवती को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
23 मार्च की मध्यरात्रि करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच उसने युवती को बहला-फुसलाकर घर के पीछे खेत में बुलाया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने पास पड़े एक भारी पत्थर से युवती के सिर को पटककर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर और घटना के समय पहने हुए खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
बसना थाना प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है