बसना

बसना: ओडिशा तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 25 बैल पकड़े, भंवरपुर पुलिस की घेराबंदी में तीन आरोपी गिरफ्तार

देशराज दास बसना। महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी भंवरपुर पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 बैलों को बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मवेशी तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है। बरामद मवेशियों की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 मार्च 2026 की सुबह भंवरपुर चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक राजेश कुमार सोनी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग बड़ी संख्या में मवेशियों को क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते हुए पैदल हांककर बड़ेसाजापाली रोड होते हुए ग्राम झारबंद की ओर से ओडिशा की तरफ कत्लखाने ले जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी की। इस दौरान तीन व्यक्ति कई मवेशियों को पैदल हांकते हुए जाते मिले। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की तो उन्होंने अपना नाम छेडूलाल साहू (65) निवासी झुमका थाना सरसींवा जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, पंचराम हरवंश (60) निवासी मिरौनी थाना हसौद जिला शक्ति तथा जगजीवन भास्कर (48) निवासी डोमाडीह थाना सारंगढ़ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ बताया।

मौके पर मवेशियों की गिनती करने पर आरोपियों के कब्जे से 5 सफेद रंग के बैल, 18 लाल रंग के बैल और 2 सफेद-काले रंग के बैल सहित कुल 25 बैल बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी जगजीवन भास्कर के पास से जियो भारत कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस द्वारा मवेशियों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में सभी 25 मवेशियों को जब्त कर लिया गया। मवेशियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पशु शल्य चिकित्सा अधिकारी बसना को सूचना भेजी गई है तथा उन्हें गौशाला में रखने की व्यवस्था भी की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परीक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच भंवरपुर चौकी पुलिस द्वारा की जा रही है।

Back to top button