बसना: बच्चा चोर गिरोह की अफवाह से न घबराएं, संदेह होने पर तुरंत पुलिस को दें सूचना- बसना पुलिस

देशराज दास बसना: पिछले कुछ दिनों से बसना एवं भंवरपुर क्षेत्र के ग्रामीण और सुदूर इलाकों में बच्चा चोरी करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की भ्रामक खबरें सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से तेजी से फैल रही हैं। इस संबंध में बसना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में बच्चा चोरी की कोई भी घटना अब तक सत्यापित नहीं हुई है और यह केवल निराधार अफवाहें हैं।
बसना थाना प्रभारी शरद दुबे और भंवरपुर चौकी प्रभारी राणा सिंह ठाकुर ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि बच्चा चोर गिरोह को लेकर फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में व्हाट्सएप ग्रुपों में सोशल मीडिया में मैसेज सर्कुलेट हो रहे हैं, जिनमें यह दावा किया जा रहा है कि पुलिस ने बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की चेतावनी जारी की है, जबकि ऐसा कोई भी आधिकारिक संदेश पुलिस द्वारा जारी नहीं किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बिना पुष्टि के किसी भी प्रकार के वीडियो, फोटो या मैसेज को सोशल मीडिया पर साझा करना समाज में अनावश्यक डर और भ्रम फैलाता है। इसलिए लोग किसी भी जानकारी को पहले सत्यापित करें और फिर ही उसे आगे बढ़ाएं। पुलिस ने लोगों को कानून अपने हाथ में न लेने की भी सख्त हिदायत दी है।
यदि किसी व्यक्ति पर संदेह होता है तो उसके साथ मारपीट या दुर्व्यवहार बिल्कुल न करें, क्योंकि भीड़ द्वारा की गई हिंसा एक गंभीर अपराध है। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है या बच्चा चोरी से संबंधित कोई सूचना मिलती है तो तत्काल पुलिस को जानकारी दें।
इसके लिए आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल किया जा सकता है या निकटतम थाना अथवा चौकी प्रभारी को सूचित किया जा सकता है। बसना पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि अफवाहों से बचें, सतर्क रहें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।