शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
विश्वास का दुरुपयोग: विवाह के नाम पर दुष्कर्म, मामला दर्ज

बसना। थाना बसना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 11 निवासी एक 50 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि बसना क्षेत्र के निवासी रामानंद दास ने उसे शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने आरोप लगाया है कि 12 अक्टूबर 2024 से 02 अक्टूबर 2025 के बीच आरोपी ने विवाह का आश्वासन देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में शादी से इनकार कर दिया।
पीड़िता ने अपने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी से उसकी पहचान पूर्व में बसना क्षेत्र के एक आश्रम आने-जाने के दौरान हुई थी। आरोपी ने विश्वास में लेकर विवाह का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। बाद में जब महिला ने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करने लगा और अंततः शादी से इंकार कर दिया।
शिकायत के आधार पर थाना बसना में धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 76/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी रामानंद दास (उम्र 48 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
थाना बसना प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।