सांकरा: लोहराकोटा जंगल में अवैध महुआ शराब फैक्ट्री पर रेड, 105 लीटर शराब जब्त
सांकरा पुलिस व एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई, एक गिरफ्तार, दो फरार

महासमुंद/सांकरा: थाना सांकरा पुलिस एवं एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने ग्राम लोहराकोटा के जंगल में नदी किनारे संचालित अवैध महुआ शराब बनाने के ठिकाने पर बड़ी छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मौके से 105 लीटर कच्ची महुआ शराब, शराब बनाने के उपकरण और अन्य सामग्री जब्त की गई। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लोहराकोटा क्षेत्र में दबे पांव अवैध शराब निर्माण का काम चल रहा है। सूचना के आधार पर 7 फरवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे संयुक्त टीम ने रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही कुछ लोग मौके से भाग निकले, लेकिन एक आरोपी को पकड़ लिया गया।
मौके से पुलिस ने 105 लीटर कच्ची महुआ शराब के अलावा एक वाटर पंप, बिना नंबर की स्कूटी, एप्पल कंपनी का मोबाइल, 8 गैस सिलेंडर, चूल्हा, 8 ड्रम, बर्तन और अन्य उपकरण जब्त किए। साथ ही घटनास्थल पर रखे लगभग 200 किलो महुआ लाहन को भी नष्ट किया गया, जिससे अनुमानित 600 लीटर शराब बनाई जा सकती थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी
तेजकुमार डडसेना (28 वर्ष), पिता उदल डडसेना, निवासी लोहराकोटा, थाना सांकरा, जिला महासमुंद।
फरार आरोपी
करण चौहान, निवासी लोहराकोटा, थाना सांकरा, जिला महासमुंद।
रितेश सिन्हा, निवासी ठाकुरदिया, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद।
जप्त सामग्री की अनुमानित कीमत
105 लीटर कच्ची महुआ शराब – लगभग ₹21,000
एप्पल मोबाइल – लगभग ₹1,06,000
शराब बनाने के उपकरण – लगभग ₹39,200
अन्य सामग्री सहित कुल जप्ती – लगभग ₹1,66,200
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।