सैकड़ों NHM कर्मचारियों की सेवा समाप्त, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया आदेश , नई भर्ती की तैयारी तेज

छत्तीसगढ़ : नियमितीकरण सहित अपने 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 32 दिन से हड़ताल पर डटे एनएचएम कर्मचारी अब बड़ी कार्रवाई की जद में आ गए हैं। चेतावनी के बावजूद ड्यूटी पर नहीं लौटने पर स्वास्थ्य विभाग ने सैकड़ों कर्मचारियों को सेवा से बाहर कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार बालोद जिले में ही 463 एनएचएम कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने का आदेश जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी कर्मचारी चेतावनी के बाद भी हड़ताल पर अड़े रहे, जिसके चलते उन्हें सेवा से बर्खास्त किया गया है।
वहीं, राज्य के स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने सभी जिला चिकित्सा अधिकारियों (CMHO) को निर्देश दिए हैं कि जो कर्मचारी ड्यूटी पर वापस नहीं लौटे, उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। कटारिया ने गुरुवार देर रात करीबन 11:30 बजे विभिन्न आधिकारिक व्हॉट्सएप ग्रुपों में संदेश जारी कर यह आदेश दिया।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि शुक्रवार तक सभी जिले खाली पदों की सूची तैयार कर अपडेट करें, ताकि तुरंत नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा सके।
गौरतलब है कि विभाग ने पहले ही 16 सितंबर तक काम पर लौटने का निर्देश दिया था, लेकिन हड़ताल जारी रहने पर अब प्रशासन ने कठोर कदम उठाते हुए सैकड़ों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है।