ठंड हुई कम:बादल छाए इसलिए रात की ठंड गायब, तापमान 17 डिग्री

छत्तीसगढ़ भूमि डेस्क। हवा की दिशा दक्षिण-पूर्वी होने की वजह से रात की ठंड गायब हो गई है। बुधवार रात तापमान सामान्य से 4 डिग्री बढ़कर 17 डिग्री पर पहुंच गया। पूरे प्रदेश में रात का तापमान बढ़ने से ठंड कम हो गई है। मौसम विशेषज्ञों ने 9 जनवरी यानी शनिवार के बाद हवा की दिशा में बदलाव और इस वजह से रात के तापमान में कमी की संभावना जताई है।
जिले में बुधवार को दिनभर धूप, छांव का का सिलसिला चला। बादलों ने आसमान को 55 फीसदी तक ढंक लिया था, जिसके कारण दोपहर बाद दिन शाम जैसा नजारा रहा। बीते 24 घंटे के दौरान रात के तापमान 2 डिग्री तक बढ़ा है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहा, जबकि अधिकतम तापमान 30 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। पहाड़ी व मैदानी इलाकों से भी ठंड गायब हो गई है। सुबह कोहरा छा रहा है। बादल साफ होने के बाद एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार है। लंबे समय बाद ऐसी स्थिति बनी है कि दिसंबर का पूरा महीना बगैर कड़ाके की ठंड के ही बीत गया। दिसंबर के कुछ दिन ही ऐसे रहे हैं, जब तापमान में गिरावट हुई है। शेष दिनों में मौसम गर्म ही रहा।
48 से 72 घंटे बाद बदलेगा हवा का रुख
हफ्तेभर बाद वातावरण फिर सर्द होगा। इसका असर 11 जनवरी से दिखाएगा। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हवा बदलेगी। ठंड बढ़ेगी। बीते 5 साल में जनवरी के पहले सप्ताह सप्ताह में इतना तापमान नहीं रहा, जितना इस साल है। 5 साल का औसतन रिकॉर्ड देखे तो अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री और न्यूनतम 12 से 14 डिग्री से अधिक नहीं हुआ था, लेकिन इस साल ठंड लगभग गायब हो गई है। रात में गर्मी का अहसास हो रहा। लोग पंखे, कुलर चालू कर रहे है। ठंड नहीं पड़ने से गर्म कपड़े के बाजार में काराेबार नहीं हाे रहा है।
दक्षिण पूर्व से आ रही नमीयुक्त गर्म हवा
रायपुर मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक चक्रवाती सिस्टम मध्य पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू कश्मीर के ऊपर है। इसके प्रभाव से प्रदेश में 1.5 किमी से 3.1 किमी तक दक्षिण पूर्व से नमी युक्त गर्म हवा आ रही है। इस हवा से प्रदेश के मध्य और दक्षिणी भाग प्रभावित है। बादलों के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। मौसम शुष्क रहने की संभावना है।