बसना: सम्पत अग्रवाल ने अंचलवासियों को दी शारदीय नवरात्र एवं अग्रसेन जयंती की बधाई

बसना। नीलांचल सेवा समिति के संस्थापक एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्री सम्पत अग्रवाल ने अंचलवासियों को शारदीय नवरात्रि पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने सबके जीवन में सुख,समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की है। वहीं महाराजा अग्रसेन जयंती की सभी अंचलवासियों विशेषकर अग्रवाल समाज को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
नवरात्रि की पूर्व संध्या पर जारी अपने बधाई संदेश में श्री अग्रवाल ने कहा है कि शक्ति उपासना के इस पर्व में 9 दिनों तक पूरी श्रद्धा और भक्ति-भाव के साथ शक्ति स्वरूपा देवी दुर्गा के नौ अलग-अलग रूपों की पूजा की जाती है,श्रद्धालु व्रत रखते हैं और कन्या पूजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि देवी को शक्ति, नारी, मां, बुद्धि और लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है। नवरात्रि आराधना के साथ नारी शक्ति के सम्मान का पर्व है। इस अवसर पर हम सभी महिलाओं के मान-सम्मान, गौरव को बनाए रखने और उनके विरूद्ध हिंसा के विरोध का संकल्प लें। श्री अग्रवाल ने कहा कि त्यौहार के दिनों में हम सभी को कोरोना संक्रमण के प्रति अधिक सावधान होने की जरूरत है। उन्होंने सभी अंचलवासियों से अपील की है कि अधिक भीड़-भाड़ से बचें और कोरोना से बचाव के लिए जारी सभी दिशा निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।
श्री सम्पत ने महाराजा श्री अग्रसेन जयंती की सभी अंचलवासियों विशेषकर अग्रवाल समाज को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था,आर्थिक समरूपता और सामाजिक समानता महाराजा अग्रसेन के आदर्श मूल्य रहे। महाराजा अग्रसेन ने ‘एक ईट और एक रुपया’ के सिद्धांत की घोषणा की। उन्होंने अपने इस सिद्धांत के मुताबिक नगर में आने वाले हर नए परिवार को नगर में रहने वाले हर परिवार की तरफ से एक ईट और एक रुपया देने के लिए कहा। श्री अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन द्वारा बताए गए अहिंसा के मार्ग पर चलकर सभी समाज को समृद्ध और सशक्त बनाने का संकल्प लें साथ ही समाज में आपसी प्रेम और सदभाव का वातावरण बनाएं।