पिथौरा के दो शिक्षकों को मिला राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026, शिक्षा, नवाचार और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान का मिला सम्मान
गोपेश कुमार डड़सेना एवं पुष्पकांत साहू हुए सम्मानित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचारी शिक्षण कार्यों की देशभर में हुई सराहना

देशराज दास पिथौरा: शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय पिथौरा के व्यवसायिक शिक्षक गोपेश कुमार डड़सेना एवं शासकीय कन्या मिडिल स्कूल पिथौरा के प्रधान पाठक पुष्पकांत साहू को शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा तथा नवाचारी शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान स्वर्गीय हरिवंश मिश्र की स्मृति में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में उनके पुत्र पूर्णानंद मिश्र द्वारा प्रदान किया गया।
दोनों शिक्षकों ने पिथौरा क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने, नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों के सफल संचालन में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से विद्यालय में कई अभिनव शैक्षणिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे विद्यार्थियों में सीखने की रुचि, रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास का विकास हुआ है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद व्यवसायिक शिक्षक गोपेश कुमार डड़सेना ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के प्राचार्य आशाराम बरिहा, राज्य समन्वयक इदरीश अंसारी, विद्यालय परिवार, समस्त शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं नगरवासियों को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें व्यावसायिक शिक्षा, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान तथा अपग्रेड एजूकेशन लिमिटेड के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण, ईमानदारी एवं नवाचार के साथ कार्य करने की नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करेगा।
इस अवसर पर देशभर से आए शिक्षकों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सम्मानित शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए ‘राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत’ की इस अभिनव पहल की सराहना की और इसे शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायी अभियान बताया।
दोनों शिक्षकों की इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।