बसना: आईपीएल जैसा रोमांच, बसना में सजा क्रिकेट का महाकुंभ,गोल्डन कप पर नो मर्सी का कब्जा, फाइनल में सुफु मोबाइल को 7 विकेट से हराया

देशराज दास बसना: नगर का सिटी ग्राउंड में क्रिकेट के रोमांच, रोशनी और जोश से सराबोर नजर आया। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित रात्रिकालीन गोल्डन कप टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ, जहां चौकों-छक्कों के बीच दर्शकों ने देर रात तक रोमांचक मुकाबलों का आनंद लिया। आयोजन बसना क्रिकेट क्लब द्वारा किया गया। इस अनोखी प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया।
खास बात यह रही कि टीमों में खिलाड़ियों का चयन ऑक्शन प्रक्रिया के जरिए किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और ओड़िशा के खिलाड़ियों को शामिल किया गया। इससे पूरे टूर्नामेंट को आईपीएल जैसा रंग मिला। जहां फाइनल मुकाबला नो मर्सी और सुफु मोबाइल के बीच खेला गया। 6-6 ओवर के इस निर्णायक मुकाबले में नो मर्सी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।
सुफु मोबाइल की टीम निर्धारित 6 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 44 रन बना सकी। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी नो मर्सी टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 4.1 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 7 विकेट से जीत दर्ज कर गोल्डन कप अपने नाम कर लिया। जीत के साथ खिलाड़ियों और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
खेल से बनता है आत्मविश्वास- मोक्ष प्रधान
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य मोक्ष प्रधान ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास का निर्माण करते हैं। हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ खेलने वाले खिलाड़ी ही आगे बढ़ते हैं।
नियमित खेल व्यक्ति को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं। नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता ने कहा कि खेल स्वस्थ जीवन का आधार हैं और इससे टीमवर्क व नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
वहीं थाना प्रभारी शरद दुबे ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं।
विजेताओं पर हुई पुरस्कारों की बारिश
प्रतियोगिता में विजेता नो मर्सी टीम को 50 हजार रुपये एवं ट्रॉफी, उपविजेता सुफु मोबाइल को 30 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं तृतीय स्थान प्राप्त एस टर्मिनेटर तथा चतुर्थ स्थान प्राप्त चैलेंज क्लब को 6-6 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। आयोजक समिति के अजीत दास, देशराज दास,आकिब कादरी, ऐजाज खान इब्राहिम कादरी ने खिलाड़ियों, टीम प्रबंधन, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।