अंकोरी टांडा–बिरसिंगपाली मार्ग जर्जर, टूटी पुलिया को लेकर प्रकाश सिन्हा ने सौंपा ज्ञापन
जर्जर सड़क और टूटी पुलिया को लेकर सभापति प्रकाश सिन्हा ने उठाई आवाज

बसना। जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंकोरी से अंकोरी टांडा एवं बिरसिंगपाली को जोड़ने वाली मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत निर्मित सड़क एवं पुलिया की जर्जर स्थिति को लेकर जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं अंकोरी क्षेत्र के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा ने जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल एवं जिला कलेक्टर महासमुंद को आवेदन सौंपकर सड़क एवं क्षतिग्रस्त पुलिया के शीघ्र मरम्मत/पुनर्निर्माण की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों जनपद क्षेत्र में आयोजित कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान सभापति प्रकाश सिन्हा की नजर उक्त मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया पर पड़ी। उन्होंने मौके पर रुककर सड़क एवं पुलिया का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से चर्चा कर समस्या की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान ग्राम सरपंच मिश्रा दीप, मुरली नायक एवं महेंद्र प्रधान सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि अंकोरी टांडा एवं बिरसिंगपाली के बीच स्थित पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। रात्रि के समय इस मार्ग पर दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है और कई बार छोटे हादसे भी हो चुके हैं। वर्तमान में ग्रामीण पुलिया के पास पत्थर रखकर जोखिम के बीच वैकल्पिक तरीके से आवागमन करने को मजबूर हैं। वहीं सड़क भी पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिससे वाहन चालकों एवं राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है यह मार्ग बसना–पदमपुर मुख्य सड़क से ग्राम अंकोरी से लगभग 4 किलोमीटर दूरी पर स्थित प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन होता है। यदि समय रहते पुलिया एवं सड़क का मरम्मत/पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, तो दोनों गांवों का संपर्क पूरी तरह बाधित होने की स्थिति निर्मित हो सकती है।
अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी पर कार्यवाही की मांग
सभापति प्रकाश सिन्हा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं वर्तमान जर्जर स्थिति की जांच कर संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी पर कार्यवाही की मांग भी की है। उन्होंने कहा कि मार्ग पर लगा सूचना बोर्ड भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे निर्माण संबंधी जानकारी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। साथ ही उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन एवं बसना विधायक द्वारा जनहित को देखते हुए त्वरित संज्ञान लेकर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाएगी, जिससे क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।